Thursday, April 23, 2009

गोबर नम्बर 6

उपरवाला जो करता है अच्छे के लिए करता हैं, ये बातें करने वाले तो बहुत मिल जातें है परन्तु इसमे छुपी गूढ़ बात समझ सके ऐसे लोग बहुत कम मिलते हैं, जब बचपन में हमारे माता पिता किन्ही कारणों से हमें किसी कार्य के लिए रोक देते हैं तो व्यस्क होने पर हम कहते हैं, यदि आज उन्होंने हमको न रोका होता तो हम कितने सुखी होंते! वास्तव में उन्ही बच्चो को वो सब कुछ करने दिया गया होता तो भी बड़े होने पर उन्होंने माँ बाप को ही दोष दिया होता की अगर उन्होंने मुझ पर थोड़ा नियंत्रण सा किया होता तो मेरा जीवन सुधर गया होता!

गौर से देखा जाएँ तो बचपना सिर्फ़ बच्चो का काम नही है, बचपन में हर बात के लिए हम माता पिता को दोषी ठहराते हैं और व्यस्क होने पर भाग्यविधाता या भाग्य को। विधाता ने आपको किस कार्य के लिए बनाया है ये आप तभी समुझ पायेंगे जब सारे काम एक समान भाव से किए जाएँ, फिर अगर अपने कक्ष की सफाई की बात आ जाएँ तो तब तक चैन न मिले, जब तक की धुल का एक कतरा भी रह गया हों। जब आप सारे कार्य इस बैचेनी और लगन से करेंगे, तभी समझ पायेंगे की दुनिया में आपको किस लिए बनाया गया है। जब तक आपके मन में ये भाव बना रहेगा की एक कार्य दुसरे कार्य से अधिक ऊँचा है तब तक आप स्वयम को और इश्वर को दोष देना बंद नही करेंगे। जैसे इश्वर ने हम सभी को एक समान बनाया है, दुनिया में सारे कार्य भी तो उसी के बनाये हुए है फिर एक मजदुर का काम एक वैज्ञानिक के काम से कमतर क्यों?

वास्तव में देखा जाए तो भारत में बचपन से ही हमारे दिमाग में घुस जाता है की पढ़ाई सिर्फ़ इसलिए की जाए ताकि आप नौकरी करे और दूसरो को आदेश दे। तभी तो हमारे देख में अनाज का उतपादन प्रति हेक्टेयर विकसित देशो के मुकाबले आधा भी नही है (लगभग एक तिहाई है) क्योंकि किसान तो हमेशा बेहद कम पढ़ा लिखा होता है। जो पढ़ लेता है उसे यह सब हेय लगने लगता है। अंत में जाकर हम काम तो करते है लेकिन बेहद बेमन से, किसान अनाज उतपादन करता है मज़बूरी में, अपनी उमंग और उत्साह से नही। जो दूसरो पर रुआब कसने के लिए खेती छोड़ता है उसे लगता है, की उससे उपर कोई है जो उससे अधिक सुखी है, फलस्वरुप एक बार फिर वो उत्साह नही आता जिसकी दरकार है।
इससे एक कदम आंगे जाऊँ तो कह सकता हूँ की आज सभी के सभी छात्र इंजिनियर या डॉक्टर बनना चाहते है, एक बात बताइए, यदि सब इंजिनियर बन गए तो उन कार्यो को कौन करेगा जो सामान्य आदमी के लिए डॉक्टर और इंजिनियर की अपेक्षा अधिक आवश्यक है? यदि कोई आध्यापक न बने तो क्या हमारा समाज चल सकेगा? विचार किया जाय तो हिन्दुस्तान का इतिहास या तो विदेशी लिखते आयें है या विदेशो में पढ़े और विदेश से प्रभावित भारतीय, यदि भारतीय अपना इतिहास ख़ुद नही लिंखेगे तो आने वाली पीढी अपने आप पर गर्व कैसे करेंगी? परिणाम यही है की हमें भारतीय की बजाय फिरंग ही श्रेष्ठ नजर आते है। इसी का छोटा सा रूप है इस वर्ष की IPL प्रतियोगिता में भारतीय प्रशिक्षु कम और फिरंगी ज्यादा नजर आतें है। कैसे जागेगा भारतीय होने का अभिमान?
में एक वैज्ञानिक हूँ, भारत के बाहर अपना अनुसंधान पुरा कर भारत लौटने को बैचैन हूँ, परन्तु इस बात का हमेशा दुःख होता है की आज नए भारतीय छात्र आधारभूत विज्ञान छोड़ कर कटिंग एज के नाम पर उन क्षेत्रों का चुनाव कर रहे है, जहा विदेशी फंड अधिक मिल सके! अरे भाई पैसे का मोह इतना है तो फिर विज्ञान क्यों? आप इंजिनीयार और मैनेजर के रूप में जितना कमा सकते है उंतना तो विज्ञान में संभव हि नही है, और इन क्षेत्रों के लिए उतनी मेहनत भी नही है जितनी विज्ञान के लिए जरूरी है। जरा सोचिये अगर हम सभी वैज्ञानिक उभरते हुए क्षेत्रों में जाए और आधारभूत को तिलांजलि देदे तो क्या कभी हम हिन्दुस्तानी अपनी एक सफल टीम बना सकते है? एक अच्छी टीम के लिए तो आधारभूत कि आवश्यकता उभरते हुए क्षेत्र से ज्यादा हि होंगी।
अंत में इसी को संक्षिप्त रूप में कहू तो स्वर्गोपम भारत की धरती सब को सुखी तभी बना सकती है जब हम सारे काम लगन से करे और वर्तमान में जीते हुए वर्त्तमान का आनंद ले।

Friday, April 10, 2009

गोबर नम्बर पाँच

बार बार प्रश्न उठाया जाता है की लड़कियां स्कूलों में तो लड़को से आगे रहती है फिर प्रतियोगी परीक्षाओ में उन्हें क्या हो जाता है, कुछ लोग कहते है की इसके पीछे कोचिंग का हाथ है। लोग अपनी बेटियों को कोचिंग के लिए नही भेजते है इसलिये उनका चयन नही हो पाता , अजी क्या कहने आपके! क्या आपने कभी किसी वर्ष के नोबेल पुरस्कार की सूचि खोलकर देखि/पढ़ी है? यदि हाँ तो इसमे कितने पुरूष और कितनी महिलाए थी? विज्ञान जैसे क्षेत्र में तो कोई भेदभाव नही है, फिर ऐसा क्यो?
जहां तक लड़कियों के चयन का प्रश्न है ये अंतर सिर्फ़ और सिर्फ़ मानसिकता का है, आप कहते है की इंजिनियरिंग मे छात्रा प्रतिशत कम इसलिए होता है क्योंकि लड़किया बायोलॉगी मे सिर अधिक खपाती है, तो मेडिकल के क्षेत्र मे छात्रा प्रतिशत को क्या होता है? वहाँ भी बात छोड़ दीजिए, विदेशो मे छात्रा को छात्र के बराबर माना जाता है, फिर पी एच डी लेवेल तक आते आते छात्रा प्रतिशत क्यों बुरी तरह गिर जाता है? वस्तुतः प्राकृति ने हमारा जो स्वाभाव बनाया है उसके अनुसार एक महिला के लिए अपने स्तर से संतुष्ट होना अधिक आसान है बनिस्बत एक पुरुष के, फलतः वे एक स्तर के बाद संघर्ष करना बंद कर देती है, और उच्च शिक्षा के लिए अपने द्वार स्वयं बंद करती है।
इसे मैं प्राकृतिक संतुलन कहूँगा, प्रकृति स्वयं ये चाहती है की की परिवार बने रहे, यदि पुरूष और महिलाओ के बिच असंतुष्टि को लेकर होड़ छिड़ जाएँ तो इसमे हार सिर्फ़ प्रकृति की ही है, महिलाए आम तौर पर पुरुषों के मुकाबले अधिक लंबे समय जीवीत रहती है इसका कारण भी यही है, अपने मानसिक असंतोष के कारण वह महिलाओं से आगे तो निकल जाता है परन्तु यही असंतोष उसे नाना प्रकार की बीमारियों में भी धकेल देते है, युवा अवस्था में तो उसका शरीर निरंतर संघर्ष में साथ दे देता है परंतु वृध्धावस्था में उसकी असमर्थता कुंठा को जन्म देती है।
निरंतर संघर्ष विकास के लिए आवश्यक है परन्तु उसी विकास को सहेजने के लिए संतुष्टि की आवश्यकता है।

Friday, April 3, 2009

गोबर नम्बर चार

आए दिन मैं सुनता हूँ की अंग्रेजी के हिन्दी में मिलजाने से हिन्दी धीरे धीरे ख़त्म होती जा रही है महानुभाव, हिन्दी को बचा कर आप क्या हासिल कर लेंगे? वैसे ये भी याद रहे की परिवर्तन जीवित होने की निशानी है. संस्कृत एक पूर्ण विकसित भाषा है, परन्तु रामायण की संस्कृत और महाभारत की संस्कृत मे अन्तर है, क्यों? ये सिर्फ़ इसलिए क्योंकि संस्कृत उस समय जीवित थी आज मृतप्राय अवस्था मैं उसे पूर्ण भाषा होने का दर्जा प्राप्त है संस्कृत इतनी परिषकृत की जिसमे कंप्यूटर सबसे बेहतर तरीके से काम कर सकता है! जिसे आप हिन्दी कहते है आपकी ५-६ पिडीयो पहले वही भाषा शैशव अवस्था मे थी, अवधी भोजपुरी, बुन्देली, पञ्जाबी, मैथिलि , ब्रिज और भी कई भाषाओ समेत सबकी मूल संस्कृत के मेलजोल से बनी हिन्दी. अब हिन्दी में अगर अंग्रेजी भाषा मिल रही है तो कई लोगो को नागवार है याद रहे जिसका विकास नही होता वो जीवित नही होता. हिन्दी जीवित हैं उसे संस्कृत की तरह मृत न बनाइये। भाषा का उपयोग न करना उसकी हत्या है, उसी प्रकार भाषा को भाषा पंडितो के लिए छोड़ देना भी उसकी हत्या है। हिन्दी में कई शब्द कई भाषाओ से लिए गए है अब उसमे कुछ शब्द अंग्रेजी के आ रहे है तो उन्हें स्वीकार करना चाहियें। अंग्रेजी तो ख़ुद ही भयभीत दिखाई दे रही है मोबाइल पर लिखी जाने वाली भाषा से।

खालिस अंग्रेजी भाषा की स्पेलिंग प्रतियोगिताओ में भारतीय अमेरिकी और भी कई अश्वेत बालक श्वेत बालको को मात दे रहे है। क्या आपने सोचा है क्यों? क्योंकि शुद्ध भाषा -२, व्याकरण का आलाप श्वेतो को अब अंग्रेजी से उसी तरह दूर भगा रहा है जिस तरह कभी संस्कृत को जनसामान्य से दूर कर सिर्फ़ आभिजात्य वर्ग तक ही सिमित कर दिया गया था। भाषा हमारी संस्कृति का जिवंत आइना है, वृक्ष जो घना और घना होता चला जाता है एक दिन परिवर्तन से इनकार कर देता है फिर वो बुढा हो कर गिर जाता है, उसकी जगह लेता है एक छोटा सा साधारण सा पौधा, और फिर वह भी विकसित हो कर घना होना शुरू कर देता है। अनंत काल से यही प्रकिया जारी है, और रहेगी, १६वि सदी में शेक्सपिअर के जमाने की अंग्रेजी और आज की अंग्रेजी में जमीं आंसमां का फर्क है, तो ये सिर्फ़ भाषा के जीवित और विकसित होने की निशानी है।
सच कडुआ होता है और हममे से कई लोगो को ये स्वाद पसंद नही है,मेरी पिछली रचना पर कई लोगो ने सहमती दिखाई थी, परन्तु इस बार शायद ही कोई मुझसे सहमत हो। आपके प्रतिसाद के लिए सादर धन्यवाद, यदि हास्य विनोद पढ़ना चाहे तो क्षमा चाहुगा परन्तु ये ब्लॉग आपके लिए नही है, यदि चाहे तो आप मेरा हास्य लेखन तत्व बोध (http://tatva-bodh.blogspot.com/)पर पढ़ सकते है।